फुलबाड़ी,17 जून (नि.सं.)। महानंदा बैराज प्राथमिक विद्यालय में घुटने तक पानी भर गया है, जिससे बच्चे कीचड़, केंचुए और जोंकों के डर के बीच पढ़ाई करने को मजबूर है। बीती रात हुई बारिश के कारण फुलबाड़ी पश्चिम धनतला इलाके का यह स्कूल पूरी तरह जलमग्न हो गया है।
विद्यालय परिसर में घुटने तक पानी जमा होने से शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण हर बरसात में ऐसी स्थिति बन जाती है। बुधवार सुबह स्कूल का मैदान और प्रवेश मार्ग पूरी तरह पानी से भरा नजर आया। छात्रों को पानी पार कर स्कूल में प्रवेश करना पड़ रहा है, जिससे न सिर्फ आने-जाने में दिक्कत हो रही है बल्कि उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
छात्रों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश में ही स्कूल के मैदान में घुटने से ऊपर तक पानी भर जाता है, जिससे उनके कपड़े भीग जाते हैं। साथ ही पानी भरने के कारण केंचुए, जोंक और अन्य कीड़े-मकोड़े भी स्कूल के अंदर आ जाते हैं।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक अब्दुल हलीम ने बताया कि पिछले कई वर्षों से थोड़ी बारिश में ही स्कूल परिसर जलमग्न हो जाता है। बीती रात की बारिश के बाद मैदान में घुटने तक पानी भर गया है, जिससे छात्रों को स्कूल में आने में काफी कठिनाई हो रही है।
