राजगंज, 30 जून (नि.सं.)। लगातार हो रही बारिश के कारण राजगंज ब्लॉक के सन्यासीकाटा ग्राम पंचायत के जुम्मागछ गांव के कई घर जलमग्न हो गए है। घरों के आंगन से लेकर कमरों और यहां तक कि रसोईघर में भी पानी घुस जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। पहले पानी निकलने का रास्ता था, लेकिन अब वह निकासी मार्ग बंद हो जाने से बारिश का पानी जमा होकर जलभराव की समस्या पैदा कर रहा है। इस मुद्दे को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
निवासियों का कहना है कि घरों में पानी घुस जाने से रोजमर्रा के कामकाज बाधित हो रहे है। खासकर खाना बनाने में परिवार के सदस्यों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही छोटे-छोटे बच्चों को लेकर अभिभावक चिंतित है।
इलाके के लोगों ने जल्द से जल्द बेहतर जल निकासी व्यवस्था की मांग की है, ताकि बरसात के समय उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
