सिलीगुड़ी, 26 जून (नि.सं.)। लगातार बारिश के कारण सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास से सटे खुदीरामपल्ली इलाके में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। रात से ही इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार सुबह आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही डाबग्राम-फूलबाड़ी की विधायक शिखा चटर्जी मौके पर पहुंची। उन्होंने लोगों से बातचीत कर समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने खुद आगे बढ़कर कचरे के ढेर को हटाकर पानी निकासी की व्यवस्था भी कराई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। उनका आरोप है कि स्थायी समाधान नहीं होने के कारण हर बारिश में ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में हालात और बिगड़ सकते हैं।
