फर्जी ट्रैवल एजेंसियों पर लगाम लगाने के लिए जल्द लॉन्च होगा खास ऐप; शंकर घोष 

सिलीगुड़ी, 30 जून  (नि.सं.)। राज्य में विभिन्न पर्यटन स्थलों पर घूमने के दौरान फर्जी ट्रैवल एजेंसियों द्वारा ठगी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए राज्य के पर्यटन विभाग ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। पर्यटकों को सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग जल्द ही एक विशेष ऐप और वेबसाइट लॉन्च करने की योजना बना रहा है।

मंगलवार को सिलीगुड़ी में पर्यटन विभाग की पहल पर पर्यटन उद्योग से जुड़े व्यवसायियों, होटल मालिकों, ट्रैवल ऑपरेटरों, होमस्टे संचालकों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, सांसद राजू बिष्ट और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पर्यटन उद्योग की समस्याओं, मांगों और भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा के लिए एक विशेष ऐप लॉन्च किया जाएगा, जिसमें राज्य की सभी पंजीकृत ट्रैवल एजेंसियों की जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा पर्यटक विभिन्न पर्यटन स्थलों, होटलों और ट्रैवल पैकेज से जुड़ी भरोसेमंद जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और ऐप के माध्यम से ही बुकिंग भी कर पाएंगे। इससे फर्जी ट्रैवल एजेंसियों के झांसे में आने की संभावना काफी हद तक कम हो जाएगी।

इसके साथ ही होमस्टे संचालन को लेकर भी मंत्री ने सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि केवल “होमस्टे” का बोर्ड लगाकर व्यवसाय नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए सरकारी नियमों के अनुसार आवश्यक अनुमति और दस्तावेज होना अनिवार्य है।

मंत्री ने कहा कि पर्यटन उद्योग को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और पर्यटक-हितैषी बनाने के लिए राज्य सरकार यह पहल कर रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पर्यटकों की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए ठगी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ तकनीक आधारित सेवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


mersin escortsezarcasinocasinopermatadorbetjojobetjojobet giriş Built with ❤︎ by appycodes