सिलीगुड़ी में भारी मात्रा में गांजे के साथ महिला गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 6सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन की पुलिस ने महिला द्वारा मादक तस्करी कारोबार का खुलासा किया है।भक्तिनगर थाने की सादे पोशाक की पुलिस ने भक्तिनगर ट्रैफिक गार्ड के पास अभियान चलाकर गांजा की तस्करी करने वाली एक महिला को रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी महिला का नाम सोनामुनि दास(43) है। वह दिनहाटा की निवासी बताई गई है।


जानकारी मिली है कि सोनामुनि दास को किसी ने 500 रूपये के बदले में गांजे की तस्करी करने के लिए कहा था। इसी के मद्देनजर वह ट्रैफिक गार्ड के पास किसी को गांजा देने के लिए इंतजार कर रही थी। इसकी खबर मिलते ही भक्तिनगर थाने की सादे पोशाक की पुलिस ने वहां अभियान चलाया और महिला के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला के पास से कुल 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। आरोपी महिला को गुरुवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *