चंपासारी में बिरयानी में मिला कीड़ा, इलाके में भारी विरोध

सिलीगुड़ी, 24 जून (नि.सं.)। बिरयानी में कीड़ा मिलने की घटना से सिलीगुड़ी के चंपासारी इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना को लेकर इलाके में भारी विरोध और तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए संबंधित बिरयानी दुकान को बंद करा दिया और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सिलीगुड़ी के चंपासारी, पोकाइजोत के निवासी तीन युवक मंगलवार शाम श्री गुरु विद्यामंदिर स्कूल के पास स्थित एक बिरयानी दुकान से 330 रुपये में तीन बिरयानी खरीदकर खा रहे थे। आरोप है कि खाने के दौरान उन्हें बिरयानी में एक कीड़ा दिखाई दिया। इसके बाद युवकों ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

बाद में जब वे अपने परिवार और स्थानीय लोगों के साथ शिकायत करने दुकान पर पहुंचे तो आरोप है कि दुकान मालिकों ने उल्टा उन्हें धमकी दी। इससे नाराज स्थानीय लोग दुकान के सामने विरोध प्रदर्शन करने लगे और दुकान बंद करने की मांग उठाई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद शुरुआत में वे मौके पर नहीं पहुंचे। इसके विरोध में कुछ समय के लिए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया। बाद में प्रधाननगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शहर के कई बिरयानी दुकानों में खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं किया जाता है। साथ ही नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित दुकान को बंद कर दिया और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। खाने के नमूनों को जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को भेजा जाएगा।

गौरतलब है कि करीब एक साल पहले भी सिलीगुड़ी के चंपासारी समेत कई इलाकों में बिरयानी में इसी तरह की शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद उस दुकान को भी बंद कर दिया गया था।
एक बार फिर इस तरह की घटना सामने आने से शहर में बिकने वाली बिरयानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे है। लोगों को जनस्वास्थ्य को लेकर चिंता सता रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes