भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बागडोगरा एयरपोर्ट पर 15 जून को मनाया जाएगा ‘यात्री सुविधा दिवस’

सिलीगुड़ी, 13 जून (नि.सं.)। केंद्र की बीजेपी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बागडोगरा हवाई अड्डा प्राधिकरण ने एक विशेष पहल की घोषणा की है। आगामी 15 जून को बागडोगरा एयरपोर्ट में ‘यात्री सुविधा दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर यात्रियों और एयरपोर्ट कर्मियों के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शनिवार को बागडोगरा एयरपोर्ट के निदेशक नावेद नाजिम ने एक पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश के पूर्वोत्तर राज्यों और उत्तर बंगाल को जोड़ने वाला बागडोगरा एयरपोर्ट ‘चिकन नेक’ क्षेत्र में स्थित होने के कारण रणनीतिक और यातायात की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

निदेशक ने बताया कि वर्ष 2014 में जहां एयरपोर्ट पर करीब 400 विमान सेवाएं संचालित होती थीं, वहीं वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 860 तक पहुंच गई है। इसी तरह यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

15 जून को आयोजित होने वाले ‘यात्री सुविधा दिवस’ के तहत यात्रियों के लिए स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, राष्ट्रगान और वंदे मातरम् सहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा एयरपोर्ट टैक्सी चालकों की निःशुल्क नेत्र जांच की जाएगी तथा सफाईकर्मियों समेत विभिन्न कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes