सिलीगुड़ी, 23 जून(नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और भक्ति नगर थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान में मादक तस्करी की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान अभिषेक गिरी उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। वह भक्ति नगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर इलाके का निवासी बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, एसओजी को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि इलाके में मादक पदार्थ की डिलीवरी होने वाली है। इसके बाद भक्ति नगर थाने की पुलिस के साथ मिलकर शहीद नगर मोड़ के राजा राम मोहन राय ब्रिज के नीचे इलाके में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को बाइक के साथ संदिग्ध हालत में खड़ा देखा। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी बाहर से ब्राउन शुगर मंगवाकर सिलीगुड़ी के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। बताया जा रहा है कि वह सोमवार शाम भी डिलीवरी देने के लिए पहुंचा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। भक्ति नगर थाने की पुलिस उसे आज जलपाईगुड़ी अदालत में पेश करेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
