नक्सलबाड़ी, 4 जून (नि.सं.)। रात के अंधेरे में संदिग्ध जमावड़ा और नशे के सौदे की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी को नक्सलबाड़ी के कोटियाजोत स्थित श्मशान मैदान इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से एक पैकेट में मादक पदार्थ बरामद हुआ। बाद में जांच में उसे ब्राउन शुगर होने की पुष्टि की गई। गिरफ्तार युवक के पास से कुल 51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। आरोपी की पहचान दिवाकर सिकदार के रूप में हुई है, जो नक्सलबाड़ी के खालपाड़ा इलाके का निवासी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
