फोर लेन सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बाइक गिरने से युवक की मौत 

सिलीगुड़ी, 10 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा इलाके में फोर लेन सड़क निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए एक गहरे गड्ढे में गिरकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार रात खपरैल मोड़ के पास यह हादसा हुआ।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, भारी बारिश के कारण निर्माण स्थल के गड्ढे में पानी भर गया था। इसी दौरान रात में एक बाइक अनियंत्रित होकर उस गड्ढे में जा गिरी। अनुमान है कि पानी में डूबने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने घटना देखी और तुरंत माटीगाड़ा थाने को सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। बाद में शव को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी बरामद कर लिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर उचित बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण आम लोग गलती से उस रास्ते में प्रवेश कर रहे हैं। उनका कहना है कि निर्माण कंपनी की लापरवाही के कारण ही यह भयावह हादसा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes